मैनपुरी। 41556 सहायक अध्यापक भर्ती प्रक्रिया के तहत जनपद में 570 पदों के लिए काउंसलिंग कराने वाले अभ्यर्थियों को आज देर शाम नियुक्ति पत्र जारी कर दिए जाएंगे। नियुक्ति पत्र उन्हें स्पीड पोस्ट द्वारा भेजे जाएंगे। महिला और दिव्यांग अभ्यर्थियों को उनके द्वारा दिए गए विकल्प के अनुसार विद्यालय आवंटित किया गया है।
मंगलवार को चयन प्रक्रिया में शामिल महिला और दिव्यांग अभ्यर्थियों ने राजकीय बालिका इंटर कॉलेज पहुंचकर विद्यालय आवंटन के लिए विकल्प पत्र भरे। कुल 244 अभ्यर्थियों ने विकल्प भरे। बीएसए विजय प्रताप सिंह ने बताया कि बुधवार को शिक्षक दिवस के अवसर पर पुरुष अभ्यर्थियों को विद्यालय आवंटन का कार्य किया जाएगा। इसके बाद देर शाम तक चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र जारी किए जाएंगे। बीएसए ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देशन पर नियुक्ति पत्र स्पीड पोस्ट से चयनित शिक्षकों के पते पर भेजे जाएंगे। नियुक्ति पत्र घर पर पहुंचने के बाद ही शिक्षक- शिक्षिकाएं आवंटित विद्यालय में कार्यभार ग्रहण करेंगे।
अभ्यर्थियों ने जताई नाराजगी
मैनपुरी। शिक्षक दिवस पर नियुक्ति पत्र हाथ में न मिलने पर कुछ अभ्यर्थियों ने नाराजगी जाहिर की है। इन अभ्यर्थियों का कहना था कि अन्य जनपदों में नियुक्ति पत्र सीधे चयनित के हाथ में प्रदान किए जा रहे हैं। यहां डाक से भेजने से उनकी ज्वाइनिंग लेट हो जाएगी।
जिलाधिकारी के निर्देशन में जिला चयन समिति काम कर रही है। आज पुरुष अभ्यर्थियों को विद्यालय आवंटन के बाद देर शाम नियुक्ति पत्र स्पीड पोस्ट से भिजवाने का कार्य किया जाएगा।
विजय प्रताप सिंह बीएसए