फिरोजाबाद। सैकड़ों कारोबारियों का करोड़ों रुपया लेकर फरार हुए कारोबारी दंपती को पुलिस ने जयपुर में पकड़ लिया। दोनों आठ माह से जयपुर में रह रहे थे। पुलिस दोनों को फिरोजाबाद ले आई, लेकिन महिला कारोबारी के पास गिरफ्तारी पर रोक का हाईकोर्ट का आदेश था इसलिए उसे छोड़ दिया। मामला पचास करोड़ रुपये से भी अधिक का है। दोनों पर पुलिस ने गैंगेस्टर लगाने के साथ-साथ 25-25 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया था।
एसएसपी सचिंद्र पटेल ने एसपी सिटी कार्यालय पर मीडिया को मामले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि शहर के प्रमुख कारोबारी थाना दक्षिण के कृष्णा हाइट्स निवासी प्रदीप गर्ग पुत्र महेंद्रनाथ गर्ग व उसकी पत्नी मंजू गर्ग प्रोपर्टी डीलिंग, बिल्डिंग मैटेरियल और बीसी का कारोबार करते थे। शहर के सैकड़ों कारोबारियों ने उनके साथ कारोबार में पैसा लगा रखा था। इनका करोड़ों रुपया लेकर मंजू गर्ग और प्रदीप गर्ग शहर छोड़ कर भाग गए। थाना दक्षिण की ओम बिला निवासी नीता गुप्ता ने थाना उत्तर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसके बाद थाना दक्षिण में पंकज अग्रवाल और अशोक माहेश्वरी ने रिपोर्ट दर्ज कराई।
एसपी सिटी राजेश कुमार सिंह और सीओ टूंडला संजय वर्मा के नेतृत्व में पुलिस ने शनिवार को राजस्थान के जयपुर स्थित पल्स ग्रीम एकड़ श्री गोपालपुरा थाना महेशनगर स्थित एक सोसाइटी से दोनों को गिरफ्तार कर लिया। मंजू गर्ग की गिरफ्तारी पर हाईकोर्ट का स्टे होने के कारण उन्हें छोड़ दिया। प्रदीप गर्ग को जेल भेजा है।
महिला कारोबारी मंजू गर्ग और उसके पति प्रदीप गर्ग को जैसे ही स्थानीय पुलिस ने जयपुर से गिरफ्तार किया पुलिस अधिकारियों के पास सिफारिशों का दौर शुरू हो गया था। पुलिस सूत्रों के अनुसार दोनों की लोकेशन कुछ दिनों पूर्व सिंगापुर में मिल रही थी। बताते हैं गत दिवस जयपुर में आयोजित शादी समारोह में आने की पक्की सूचना पुलिस की टीमों को थी।