कासगंज-बरेली मार्ग पर सोमवार की देर रात्रि मल्लाह नगर के समीप कार ने दो बाइक सवारों को रौंद दिया। इससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। दोनों ही मृतक रिश्ते में चाचा व भतीजा बताए गए हैं।
सुरेश (30) पुत्र शिवदयाल एवं उनका भजीता राहुल (25) पुत्र शिशुपाल निवासी गुरसरी, संभल बाइक से अमित कुमार निवासी गुरसरी की बारात में शामिल होने हिमायूंपुर सहावर के लिए आ रहे थे। जब वे मल्लाह नगर के समीप पहुंचे तो उनकी बाइक में कार ने टक्कर मार दी। हादसे में दोनों ही दूर जा गिरे। दोनों की ही मौके पर मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पर्स में रखे आधार कार्ड के आधार पर उनकी शिनाख्त कर हादसे की जानकारी उनके परिजनों को दी। दोनों के शव का पंचनामा भर कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
साथ साथ रहते और साथ ही चले गए
परिजनों ने बताया कि चाचा सुरेश और भतीजा राहुल अधिकतर साथ-साथ रहते थे। सोमवार को भी दोनों साथ ही बारात में शामिल होने जा रहे थे। सुरेश के पिता शिवदयाल रोते रोते बोल रहे थे दोनों साथ साथ रहते थे और साथ ही हमेशा के लिए चले गए।
मना किया था बाइक से जाने को
कासगंज। जब सुरेश और राहुल निवासी गुरसरी संभल से हिमायुंपुर जब बाइक से बारात में शामिल होने के लिए जाने को तैयार हुए तो परिजनों ने उन्हें बाइक से जाने को मना किया। परिवारीजनों ने बताया कि बारात में बस और कार भी गई थीं। उन्हें बस में जाने के लिए कहा था, लेकिन दोनों ही बाइक से चल दिए और हादसा हो गया।
तीन बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
कासगंज। सड़क हादसे में मृतक सुरेश पुत्र शिवदयाल निवासी गुरसरी के तीन बच्चे हें। दो लड़कियां लगभग तीन व दो वर्ष की हैं। वहीं एक पुत्र लगभग वर्ष का है। सुरेश की मौत से तीनों बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया।