आंधी और बरसात ने बिगाड़ी शहर की सूरत
- फोटो : अमर उजाला
एटा। जलभराव से निपटने के लिए पालिका के इंतजाम कितने दुरुस्त हैं, इसकी पोल एक बारिश ने खोल दी है। मंगलवार रात को हुई बरसात ने जहां लोगों को गर्मी से राहत दी, तो वहीं शहर की सूरत बिगड़ गई। हर सड़क पर पानी भरने और आंधी के चलते होर्डिंग गिरने से लोगों को परेशानी हुई। वहीं इस दौरान मैनहॉल नहीं बंद होने से लोग जमकर चुटैल हुए।
सोमवार और मंगलवार को हुई बरसात ने लोगों की दिक्कत बढ़ा दी है। जगह-जगह जलभराव और होर्डिंग गिरने से परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मंगलवार रात को हुई बरसात के दौरान शहर के ठंडी सड़क, कचहरी रोड, आगरा रोड, रेलवे रोड, महाराणा प्रताप नगर, कटरा मुहल्ला, मारहरा दरवाजा, घंटाघर, कैलाश मंदिर रोड, मेहता पार्क, रेवाड़ी मोहल्ला समेत तमाम इलाकों में जलभराव हो गया। जलभराव के आलम यह था कि लोगों के घुटनों तक पानी आ गया। ऐसे में लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। इस दौरान लोग पालिका की अनदेखी पर गुस्सा जताते नजर आए।
आलम यह है कि बारिश का पानी अब तक सड़कों पर भरा हुआ है। ऐसे में पालिका के नाला सफाई अभियान की हवा निकलती नजर आ रही है।
सरकारी कार्यालयों में आफत की बरसात
बरसात के बाद जिले के तमाम सरकारी कार्यालयों में भी आफत पैदा हो गई। सहायक निदेशक मत्स्य कार्यालय, तहसील परिसर, चकबंदी कार्यालय, कृषि विभाग, बांट माप विभाग, कोतवाली नगर समेत तमाम सरकारी कार्यालयों में जलभराव है। इस दौरान कर्मचारियों को भी काम करने में दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है।