एटा/अलीगंज/जलेसर/मारहरा/राजा का रामपुर/सराय अगहत/अवागढ़।
मन में बंदगी, लबों पर दुआ और सजदे में झुकते सिर। जिले में शनिवार को ईद-उल-फितर का त्योहार धूमधाम से मनाया गया। सुबह आठ बजे मुसाफिरखाना ईदगाह में हजारों लोगों ने ईद की नमाज अदा की। नमाज के बाद ईदगाह पहुंचे सभी धर्म के लोगों, प्रशासनिक अधिकारियों और राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने एक दूसरे को गले मिलकर मुबारकबाद दी। नमाज के दौरान पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए।
मुसाफिरखाना ईदगाह पर करीब 10 हजार लोगों ने खुदा की बंदगी में सिर झुका कर देश दुनिया में अमनचैन की दुआ मांगी। वहीं नगला पोता ईदगाह में शहर काजी बदूद मियां ने सैकड़ों लोगों को ईद की नमाज अदा कराते हुए देश में शांति की दुआ की। नमाज के बाद ईदगाह पहुंचे सर्वधर्म के लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की बधाई दी। इस दौरान डीएम अमित किशोर, एसएसपी अखिलेश चौरसिया, सदर विधायक विपिन वर्मा डेविड, प्रजापालन वर्मा, पालिका चेयरमैन राकेश गांधी, कांग्रेस पार्टी के जिला अध्यक्ष चोब सिंह बघेल, बसपा जिलाध्यक्ष अनिल सागर, सपा जिलाध्यक्ष अशरफ हुसैन, सुनील यादव, भूपेंद्र प्रजापति, माकपा के ज्ञान सिंह बघेल, राजाराम यादव, जहीर अहमद, शराफत हुसैन काले, इस्सन खान, फईम खान, इश्त्याक अली, अब्दुल हुसैन, नीरज वार्ष्णेय ने ईद की मुबारकबाद दी।
राजा का रामपुर में मोहल्ला पठानान, मोहल्ला कुंजड़ियान, मड़िया चौराहा ईदगाह पर मोहम्मद हाफिज के निर्देशन मेें नमाज अदा की गई। इस दौरान थानाध्यक्ष विजय चौरसिया मौजूद रहे।
मारहरा स्थित जामा मस्जिद में काजी रहमतुल्ला, दरगाह खानकाहे बरकातिया में प्रोफेसर सैयद अमीनमियां कादरी, ईदगाह में हाजी शाहबुद्दीन ने ईद की नमाज अदा कराई। इस मौके पर पूर्व विधायक अमित गौरव यादव, सीओ सदर गुरमीत सिंह, राजस्व निरीक्षक केएल वर्मा, लेखपाल तुकमान सिंह, पप्पू दिवाकर, राहुल भारद्वाज, नवाब मियां, पालिकाध्यक्ष परवेज जुबैरी, सीपी सिंह मौजूद रहे।
अवागढ़ में किला रोड स्थित ईदगाह पर मौलाना रवीउल्लाह ने नमाज अदा कराई। इस दौरान चमन आढ़ती, गुलाम हैदर, आजम खान, बब्बूशाह, सपा नेता गौरव ठाकुर, राकेश यादव आदि ने नमाजियों को मुबारकबाद दी।
अलीगंज में ईदगाह पर इमाम गुलाम मुस्तफा ने ईद की नमाज अदा कराई। इस मौके पर पूर्व विधायक रामेश्वर सिंह यादव, बसपा नेता जुनैद मियां, रणजीत यादव, नूर हसन तारिक ने ईद की मुबारकबाद दी।
सराय अगहत में ईदगाह पर इमाम कमर रजा, पुरानी सब्जी मंडी स्थित गौसिया मस्जिद पर इमाम हाफिज सोहेल ने नमाज अदा कराई। पिलुआ स्थित ईदगाह में मौलाना मोहम्मद अबुल कलाम ने नमाज अदा कराई। जैनुद्दीन, हनीफ, निसार, हसीन, शमसाद आदि मौजूद रहे।
जलेसर में ईदगाह पर शहर इमाम हाफिज असलम ने नमाज अदा कराई। वहीं हाफिज अख्तर साहब ने कुतुबा पड़ा। इस मौके पर ज्वाइंट मजिस्ट्रेट और एसडीएम प्रेरणा सिंह, सीओ अशोक कुमार यादव, कोतवाली प्रभारी अनूप कुमार भारती, सफाई निरीक्षक रचना गुप्ता ने शांति और सफाई व्यवस्था पर नजर रखी। क्षेत्र में पहली बार भाजपा नगर अध्यक्ष और पालिकाध्यक्ष विकास मित्तल ने सभी को ईद की मुबारकबाद दी और मिष्ठान्न वितरित कराया। साथ ही सपा के पूर्व विधायक रणजीत सुमन, सपा नगर अध्यक्ष मोहम्मद अजमी खान, अब्दुल कलाम अंसारी, हनीफ उस्मानी, नीरज यादव, बबलू यादव, शशंाक यादव, पूर्व पालिकाध्यक्ष मोहन सिंह हैप्पी ने बधाई दी।
--
तीन घंटे ठप रहा हाईवे पर यातायात
ईद-उल-फितर की नमाज के चलते शनिवार सुबह सात बजे से हाईवे पर यातायात रोक दिया गया। इसके चलते तीन घंटे तक हाईवे पर वाहन नहीं दौड़े। प्रशासन ने अलीगंज रोड तिराहे और कासगंज रोड पर यातायात रोक दिया। इसके अलावा पिलुआ में ईद की नमाज के कारण वाहनों को कस्बे के दोनों ओर रोक दिया गया। ईद की नमाज के दौरान बस स्टैंड से लेकर बाबूगंज बाजार तक नमाजी हाईवे पर बैठ ईद की नमाज पढ़ते दिखाई दिए।