मथुरा। तेल माफिया मनोज गोयल के भतीजे रोहित गोयल के आगरा में पुष्पांजलि हाइट्स के फ्लैट 708 पर फरह पुलिस ने मुनादी कराकर कुर्की नोटिस चस्पा किया। 18 फरवरी-2017 में थाना हाईवे में 100 करोड़ की तेल चोरी का खुलासा होने के बाद से तेल चोर फरार चल रहा था।
थाना हाईवे के रामकृष्णपुरम् में 18 फरवरी को रिफाइनरी की जालंधर पाइप लाइन से तेल चोरी होने का खुलासा हुआ था। हाईवे पुलिस ने तेल माफिया आगरा के मनोज गोयल समेत 14 के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। हाईवे पुलिस ने तेल माफिया मनोज गोयल समेत सात लोगों को तो जेल भेज दिया था।
तेल चोरी के मामले में सख्ती बरतते हुए एसएसपी प्रभाकर चौधरी ने फरह पुलिस को फरार तेल माफिया मनोज गोयल के भतीजे रोहित गोयल के फ्लैट पर कुर्की नोटिस चस्पा करने के निर्देश दिए। फरह पुलिस के साथ रिफाइनरी और हाईवे पुलिस आगरा पहुंची। न्यू आगरा पुलिस को साथ लेकर तेल चोर रोहित गोयल के पुष्पांजलि हाइट्स के फ्लैट 708 पर पहुंची फरह पुलिस ने मुनादी कराकर कुर्की नोटिस चस्पा किया।
थाना फरह में धारा 174 ए के तहत रोहित गोयल के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। प्रभारी निरीक्षक आजादपाल सिंह ने बताया कि जल्द ही फरार तेल चोर पुलिस की गिरफ्त में होगा। मुनादी कराकर तेल चोर के फ्लैट पर कुर्की नोटिस चस्पा किया गया है।