वृंदावन (मथुरा)। सड़क पर मोबाइल से बात करते जा रहे युवक से बाइक सवार बदमाश मोबाइल लूट ले गए। पीड़ित अपनी रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए चौकी और थाने के चक्कर काट रहा है। आरोप है कि पुलिस है कि पीड़ित पर मोबाइल गुम होने की रिपोर्ट लिखाने के लिए दबाव बना रही है। पुलिस की इस कार्यप्रणाली को लेकर स्थानीय लोगों में रोष है।
रमणरेती के राधिका विहार कालोनी की रोहतक वाली धर्मशाला निवासी रोहित ठाकुर शनिवार की देर शाम लगभग 9 बजे फोगला आश्रम से घर जा रहा था। रोहित अपने मोबाइल पर किसी से बात कर रहा था तभी सफेद अपाचे गाड़ी पर आए दो बदमाशों ने रोहित को रोका और उसका मोबाइल लूटकर भाग गए। रोहित रात में कोतवाली पहुंचा। यहां उसे सुबह आने को कहा गया। सुबह कोतवाली जाने पर रोहित को रमणरेती पुलिस चौकी भेज दिया गया।
रमणरेती पुलिस ने घटना स्थल अपने क्षेत्र की सीमा से बाहर बताया और बांकेबिहारी पुलिस चौकी भेज दिया गया। बांकेबिहारी से उसे फिर से कोतवाली भेज दिया। चौकी से कोतवाली के चक्कर लगा चुका रोहित की रिपोर्ट आखिरकार पुलिस ने लिखी नहीं। पुलिस कार्यप्रणाली को लेकर लोगों में रोष है। कोतवाली प्रभारी ने कहा कि पीड़ित की सुनवाई क्यों नहीं की गई वह जांच करेंगे।