वृंदावन (मथुरा)। 26 फरवरी रंगभरनी एकादशी पर होने वाली भीड़ को देखते हुए ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर में दर्शन की वनवे व्यवस्था की जाएगी। श्रद्धालुओं को एक गेट से प्रवेश और दूसरे रास्ते से निकासी दी जाएगी।
कोतवाली प्रभारी सुबोध कुमार सिंह ने बताया कि रंगभरनी एकादशी पर ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर में भीड़ के दबाव को देखते हुए वनवे व्यवस्था की गई है। इसके तहत विद्यापीठ बिहारी पुलिस चौकी की ओर से मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं को गेट नंबर तीन से मंदिर में प्रवेश दिया जाएगा, जबकि परिक्रमा मार्ग वीआईपी रोड से आने वाले श्रद्धालु गेट दो से अंदर जाएंगे।
सभी श्रद्धालुओं को दर्शन कर गेट एक और चार से निकाला जाएगा। गेट नंबर पांच इमरजेंसी और सेवायतों के लिए उपलब्ध होगा। मंदिर की सीसीटीवी कैमरों से सुरक्षा व्यवस्थाओं पर नजर रखी जाएगी वहीं पुलिस ने फोर्स की डिमांड भेजी है।
आज शाम से वाहनाें का प्रवेश रहेगा बंद
रंगभरनी एकादशी पर होने वाली भीड़ को देखते हुए पुलिस ने यातायात व्यवस्था में 24 फरवरी की देर शाम से परिवर्तन किया है। शनिवार की देर शाम से वृंदावन में बड़े वाहनों का प्रवेश बंद कर दिया जाएगा। परिक्रमा मार्ग में भी भारी वाहन प्रतिबंधित रहेंगे।
नौ प्रवेश नाकों पर बैरियर लगाकर वाहन रोके जाएंगे
मथुरा और यमुना एक्सप्रेसवे से आने वाले वाहनों को सौ सैया अस्पताल के सामने और दारुख पार्किंग पर रोका जाएगा। इधर छटीकरा से आने वाले सभी बड़े और चार पहिया वाहनों को रुक्मिणी विहार पार्किंग पर रोका जाएगा। यह व्यवस्था 26 फरवरी की रात तक लागू रहेगी।
एकादशी से वृंदावन में होगी होली
रंगभरनी एकादशी पर्व पर प्रतिवर्ष राधा वल्लभ मंदिर से निकाली जाने वाली परंपरागत प्रिया प्रियतम की रंगीली होली शोभायात्रा मंदिर से 26 फरवरी को अपराह्न एक बजे से प्रारंभ होगी। शोभायात्रा में प्रिया प्रियतम के सुसज्जित रथ पर सवार होकर भक्तों संग होली खेलने के लिए नगर का भ्रमण करेंगे।
राधादामोदर मंदिर में छह दिवसीय रंगीली दशमी उत्सव 25 फरवरी से एक मार्च तक आयोजित होगा। परंपरानुसार प्रतिदिन सुबह मंदिर प्रांगण में ठाकुरजी टेसू के फूलों के रंग से, इत्र आदि से प्राकृतिक रंगों से भक्तोें के संग होली खेलेंगे। ठाकुर राधासनेह बिहारी मंदिर में 26 फरवरी से दो मार्च तक होली महोत्सव मनाया जाएगा। आचार्य अतुलकृष्ण गोस्वामी ने बताया कि महोत्सव में 26 को रंग भरी होली, 27 को फूल होली, 28 को लड्डू होली, एक मार्च को जलेबी होली एवं द दो मार्च को ठाकुर जी फूलडोले में विराजमान होकर भक्तों को दर्शन देंगे।