निधौलीकलां। थाना क्षेत्र के गांव जमालपुर गादरी में गुरुवार सुबह विवाहिता ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। विवाहिता की मौत के बाद ससुरालीजन फरार हो गए। सूचना पर पहुंचे मायके पक्ष के लोगों ने ससुरालीजनों पर हत्या का आरोप लगाया है। उधर, सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले में पति समेत तीन लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का मामला दर्ज कराया गया है।
थाना क्षेत्र के गांव जमालपुर गादरी निवासी प्रवीन पुत्र आदित्य विक्रम सिंह की शादी साढ़े तीन साल पहले जलेसर क्षेत्र के जैनपुरा निवासी शेर पाल सिंह की बेटी दीक्षा उर्फ ऊषा से हुई थी। गुरुवार सुबह दीक्षा ने कमरे में फांसी लगाकर जान दे दी।
सूचना पर मायके पक्ष के लोगों ने बताया कि ससुरालीजन बेटी से बार-बार दहेज की मांग कर रहे थे और इसे लेकर उसे प्रताड़ित किया जाता था। मौके पर पहुंची पुलिस को विवाहिता के हाथ की नस भी कटी मिली। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
वहीं घटना के बाद ससुरालीजन फरार हैं। परिवारीजनों की तहरीर पर पुलिस ने पति प्रवीन, ससुर आदित्य विक्रम सिंह और सास प्रवेश के खिलाफ दहेज हत्या का मामला दर्ज किया है।