बेवर (मैनपुरी)। अवैध शराब बिक्री की मुखबिरी देने के शक में जासमई गांव के युवक और उनके साथियों पर असलहे से लैश लोगों ने हमला कर दिया। हमलावरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग भी की। इस दौरान गोली लगने से एक युवक जख्मी हो गया। जबकि एक अन्य युवक तमंचे की बट के प्रहार से घायल है। गोली लगने से घायल युवक को सैफई में भर्ती कराया गया है। विवाद भिंड में आयोजित एक शादी समारोह में हुआ था। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर हमलावरों की तलाश शुरू कर दी है।
थाना क्षेत्र के गांव जासमई निवासी गोपाली देवी के पुत्र प्रतीक चौहान की बारात सोमवार को भिंड के गांव किसूपुरा गई थी। बारात में गांव के ही प्रमोद, अजय, प्रदीप, कुलदीप, रमन, नीतू आदि गए थे। वहीं नगला नाद जासमई निवासी राजन, सोनू, रिंकू, अनुज और प्रबल निवासी मटेना भी गए थे। प्रमोद और अजय बातें कर रहे थे, तभी राजन, सोनू भी साथियों के साथ वहां पहुंचे।
आरोप है कि इन लोगों ने अजय और प्रमोद को शराब बेचे जाने की मुखबिर पुलिस को देने की बात कही तो विवाद होने लगा । इस दौरान प्रमोद और अजय साथियों के साथ बोलेरो में जाकर बैठ गए। सुबह करीब 3.30 बजे जब वे घर लौट रहे थे।
तभी मेजर जुगराज इंटर कालेज जासमई तिराहे पर 10-15 लोग हाथ में असलाह व लाठी डंडा लेकर खडे़ हुए थे। उन्होंने गाड़ी रोकने के साथ प्रमोद, अजय और उनके साथ रहे युवकों पर हमला कर दिया। साथ ही फायरिंग कर दी। इस दौरान एक गोली अजय के सिर में लगी, तो वह जमीन पर गिर गया।
वहीं प्रमोद के सिर में तमंचे की बट मारकर घायल कर दिया। फायरिंग के दौरान बोलेरो में सवार अन्य साथी जान बचाकर खेतों की ओर भाग गए। इस दौरान आरोपियों ने अजय का फोन भी छीन लिया।
सूचना मिलने के बाद पहुंची पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। वहां से अजय को सैफई रेफर कर दिया गया। थानाध्यक्ष ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।