एटा। हरियाणा से बिहार जा रही 15 लाख रुपये की गैर प्रांतीय शराब को पिलुआ पुलिस ने बरामद कर लिया। पुलिस ने एक आरोपी को कैंटर और तीन फर्जी नंबर प्लेटों के साथ गिरफ्तार कर लिया।
एसएसपी अखिलेश कुमार चौरसिया ने बताया कि पिलुआ पुलिस ने सूचना के आधार पर गुरुवार रात हरियाणा के एक कैंटर को घेराबंदी कर रोक लिया। तलाशी में कैंटर से गैर प्रांतीय शराब बरामद हुई। इस पर पुलिस ने चालक और कैंटर मालिक राकेश कौशिक निवासी गोविंद नगर थाना जेवर गौतम बुद्ध नगर को गिरफ्तार कर लिया। एसएसपी ने बताया कि कैंटर से 215 पेटी गैर प्रांतीय शराब की बरामद की गई है। इसकी अनुमानित कीमत 15 लाख रुपये है। पुलिस ने आरोपी राकेश के पास से तीन फर्जी नंबर प्लेट भी बरामद की। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह कई दिनों से शराब पहुंचाने का काम करता है। इसके लिए उसे एक बार के पैंतीस हजार रुपये मिलते है। पूछताछ में आरोपी ने शराब माफिया का नाम जीते नागर निवासी फरीदाबाद हरियाणा बताया। एसएसपी ने पुलिस टीम को पांच हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा की है।