टूंडला। योगी सरकार का 15 जून तक गड्ढा मुक्त सड़क देने का अभियान खोखला साबित हुआ है। टूंडला लाइन पार शोभाराम अहाता से गदलपुरा सीयर देवी मोड़ तक सड़क में गड्ढे ही गड्ढे हैं। जिस पर पैदल चलना भी दुश्वार हो गया है। यह बात संत हीरा मुनि ने गदलपुरा मोड़ पर योगी सरकार के विरुद्ध विरोध प्रदर्शन के दौरान कहीं।
कहा कि योगी सरकार ने वादा किया था कि 15 जून तक प्रदेश की हर सड़क गड्ढा मुक्त होगी। किंतु उनका यह वादा हवा हवाई साबित हुआ। कई महीने बीतने के बाद भी अहाता शोभाराम से लेकर गदलपुरा मोड़ तक सड़क टूटी हुई है।
गड्ढों की वजह से आए दिन स्कूली बच्चे साइकिल से गिरकर घायल हो रहे हैं। संत हीरा मुनि ने कहा कि क्षेत्रीय मंत्री एसपी सिंह बघेल ने भी जनता से कई वायदे किए थे, लेकिन उनका भी कोई वादा पूरा नहीं हो सका। चाहें गऊशाला बनवाने का वादा हो, निषाद राज आवास योजना का या फिर सड़क बनवाने। आखिर जनता कब तक गुमराह होती रहेगी।
सोमवार को संत हीरा मुनि सहित ग्रामीणों ने गदलपुरा सीयर मोड़ पर सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर नारेबाजी की। साथ ही सड़क टूटी सड़क को जल्द बनवाने की मांग की।