फिरोजाबाद। जिला अस्पताल परिसर में के मानसिक रोग विभाग में चिकित्सक न मिलने पर मरीजों ने हंगामा किया। उनका कहना था कि पिछले चार-पांच दिन से इलाज कराने आ रहे हैं, मगर चिकित्सक न मिलने से रोजना लौटना पड़ रहा है।
जिला अस्पताल में करीब दो वर्ष पूर्व मानसिक रोग विभाग की शुरुआत हुई थी। करीब चार माह पूर्व मानसिक रोग विभाग के अंतर्गत मन कक्ष व वार्ड अलग से तैयार किया था।
हालांकि मरीजों को इसका पूरी तरह फायदा नहीं मिला है। चिकित्सक सप्ताह में तीन दिन ही ओपीडी में बैठते हैं। दूर-दराज से आने वाले मरीजों को लौटना पड़ता है।
मंगलवार को भी 20-25 मरीज ओपीडी के बाहर चिकित्सक के आने का इंतजार करते रहे। इसके बाद उन्होंने हंगामा किया। मरीज सीएमएस कक्ष में भी गए, जहां प्रभारी सीएमएस डॉ. आलोक कुमार से वार्ता हुई।
मरीजों का कहना था कि चार-पांच दिन से लगातार आ रहे हैं, मगर चिकित्सक नहीं बैठ रहे हैं। इलाज नहीं मिलता तो इस विभाग के बनवाने का क्या फायदा है।