कासगंज। दोपहर के समय गुरुवार को हुई झमाझम बारिश के बाद लोगों को उमस भरी गर्मी से तो राहत मिल गई, लेकिन इससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। बस्तियों, बाजारों आदि के जलमग्न हो जाने से लोगों की मुसीबतें बढ़ गई। बाजारों में जाम लग गया। लोग जहां तहां थे वहीं रुककर बारिश थमने का इंतजार करने लगे।
दोपहर 2 बजे मौसम का मिजाज अचानक बदल गया। आसमान में काले घने बादल घिरने के साथ ही बारिश शुरू हो गई। तेज बारिश होने से लोगों को भीगने से बचने के लिए इधर-उधर शरण लेनी पड़ी। जिसको जहां जगह मिली वह वहीं रुककर बारिश के थमने का इंतजार करने लगा। तेज बारिश के चलते सोरों गेट आंबेडकर तिराहा, डाकखाने वाली गली, बिलराम गेट, सूत की मंडी, गांधी मूर्ति, रेलवे रोड, प्रभु पार्क, लक्ष्मीगंज क्षेत्रों में काफी पानी भर गया।
इसके अलावा लवकुश नगर, गगेश्वर कॉलोनी, बोहरान गली, सहित तमाम बस्तियों में भी पानी भर गया। कासगंज एटा मार्ग पर रेलवे पुलिया के नीचे भी काफी पानी जमा हो गया। बाजार में रक्षाबंधन पर्व के चलते बाजार में लोगों की भीड़ उमड़ी हुई थी। जिससे इन लोगों को काफी दिक्कतें हो गईं। बाजारों में वाहन चालको को काफी दिक्कतें हुई। बाजारों में जगह-जगह जाम के हालात पैदा हो गए। वाहनों की लंबी कतारें लग गई।
फड़ कारोबारियों को हो गईं दिक्कतें
कासगंज। बारिश एवं जलभराव से फड़ कारोबारियों को काफी दिक्कतें हो गई। प्रभु पार्क क्षेत्र में काफी संख्या में सब्जी कारोबारी फड़ लगाते है। बारिश की तेजी देखते ही ऐसे कारोबारियों ने अपने फड़ों को समेट लिया, ताकि पानी भरने पर सब्जियां खराब न हों। इसके अलावा गांधी मूर्ति, रेलवे रोड क्षेत्र में रक्षाबंधन पर्व के चलते बड़ी संख्या में लोगों ने राखी के हाथठेले आदि लगा रखे हैं। इन लोगों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
कड़कती बिजली ने दहलाए दिल
कासगंज। बारिश के बीच आसमान में तेज बिजली भी कड़की। बिजली की कड़क ने लोगों के दिलों को दहला दिया। तीन दिन पहले हुई बारिश में जनपद में पांच स्थानों पर बिजली गिरी, जिसमें एक महिला की जान चली गई। साथ आठ पशु भी मौत के आगोश में समा गए।