मथुरा। ट्रांसफार्मर बदलने के बाद बिजली विभाग जहां सप्लाई सुचारु होने का दावा कर रहा है वहीं बुधवार को भी सारा दिन बिजली का आना जाना लगा रहा। कई इलाके बिजली पानी को तरसते रहे, जबकि अफसरों ने दावा किया है कि अब सप्लाई बदस्तूर मिलेगी।
दरअसल कैंट बिजलीघर पर 10 एमवीए का लगा ट्रांसफार्मर फुंक गया। इससे मथुरा शहर का आधा इलाका अंधकार में रहा। आनन-फानन में नया ट्रांसफार्मर नोएडा से मंगाया गया, लेकिन ट्रांसफार्मर एक घंटे भी नहीं चल सका। नया ट्रांसफार्मर खराब होने के बाद मंगलवार की शाम जयपुर से 10 एमवीए का दूसरा ट्रांसफार्मर मंगवाया गया।
बुधवार की सुबह लोड देकर ट्रांसफार्मर का चालू किया गया तो आपूर्ति सुचारु हो सकी। छह दिन से बिजली का दंश झेल रहे लोगों ने काफी हद तक राहत महसूस की। एसई शहर राघवेंद्र सिंह ने बताया कि नया ट्रांसफार्मर लगने से आपूर्ति सुचारु हो सकी है। अब किसी को दिक्कत नहीं होगी।
बिना प्लेटफार्म के स्थापित कर दिया ट्रांसफार्मर
मथुरा। कैंट बिजलीघर पर 10 एमवीए का नए ट्रांसफार्मर को बिना प्लेटफार्म के स्थापित कर दिया गया है। इसके लिए ऊंचा और चौड़ा प्लेटफार्म बनवाने में विद्युत निगम ने लापरवाही बरती। प्लेटफार्म बनने से बारिश में होने वाले जलभराव से ट्रांसफार्मर सुरक्षित रहता।