थाना ढोलना क्षेत्र में बुधवार रात शादी कर लौट रहे दूल्हा, दुल्हन और बोलेरो सवार अन्य बारातियों के साथ सशस्त्र बदमाशों ने लूटपाट कर ली। बदमाश दुल्हन के आभूषण और दूल्हा की चैन अंगूठी, नकदी और अन्य बरातियों से नकदी, चैन, अंगूठी, मोबाइल आदि लूट ले गए। बरातियों ने बोलेरो चालक पर लूट की घटना का आरोप लगाया है। ढोलना पुलिस ने बोलेरो चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
अलीगढ़ जनपद के थाना अतरौली के गांव नगला बंजारा डिडौर निवासी विपिन पुत्र बच्चन सिंह की शादी पूजा पुत्री बहादुर सिंह निवासी जारई अवागढ़, जनपद एटा के साथ हुई। विवाह के बाद दूल्हा, दुल्हन बोलेरो से विदा हुए। गाड़ी में दूल्हा का बहनोई रवि और उसके साथी जीतू, संतोष आदि भी सवार थे। कासगंज पहुंचने पर बोलेरो को कासगंज-अतरौली पर होकर जाना था, लेकिन बोलेरो चालक भूपाल गढ़ी के रास्ते लौटने लगे। ढोलना की कुढ़ार पुलिया के पास चालक ने गाड़ी रोक दी। तभी पहले से घात लगाए तीन बदमाशों ने तमंचे के बल पर बोलेरो को घेर लिया। बदमाशों ने दुल्हन के जेवर उतरवा लिए। इसके बाद बदमाशों ने दुल्हन के पर्स में रखे चार हजार रुपये भी छीन लिए। दूल्हा विपिन से चैन, अंगूठी व साढ़े ग्यारह हजार रुपये की नकदी, बहनोई रवि को मारपीट कर चैन अंगूठी और 45 हजार की नकदी, जीतू से मोबाइल और आठ हजार रुपये, संतोष से साढ़े सात हजार रुपये लूट ले गए। सूचना पर यूपी 100 पुलिस मौके पर पहुंच गई। बरातियों ने बोलेरो चालक पर लूटपाट का आरोप लगाया। ढोलना पुलिस ने चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है।