फिरोजाबाद। उद्योग विभाग के अतिक्रमण के नाम पर खोखा हटाने का नोटिस जारी करने के विरोध में गुरुवार को खोखा संचालक भूख हड़ताल पर बैठ गए। जिला प्रशासन पर उद्यमियों के दबाव में खोखा हटाने का आरोप लगाया।
डीएम के निर्देश पर उद्योग विभाग ने नगला भाऊ इंडस्ट्रियल एरिया में अवैध रूप से रखे खोखा संचालकों को नोटिस जारी कर तीन दिन की चेतावनी दी थी। उद्योग विभाग के नोटिस से खोखा संचालकों में हड़कंप मच गया है। पार्षद मुनेंद्र यादव, अशोक राठौर के नेतृत्व में बुधवार को डीएम को ज्ञापन भी दिया लेकिन कोई कार्यवाही न होने से आक्रोशित खोखा संचालक गुरुवार को भूख हड़ताल पर बैठ गए। खोखा संचालकों का कहना था कि हम लोग यहां 30 साल से रोजी-रोटी चला रहे हैं। खोखा हटने से हमारे परिवार का पालन पोषण कैसे होगा। विद्याराम ने कहा कि सड़कों पर अतिक्रमण फैक्ट्री मालिकों ने कर रखा है। कारखानों के बाहर साइकिल स्टैंड बने हुए हैं। सड़कों पर कच्चा माल व पॉट रखकर अतिक्रमण व गंदगी करते हैं। इसके बावजूद उनके खिलाफ कोई कार्यवाही नहीं की जा रही।
एमएलसी डा. दिलीप यादव भूख हड़ताल स्थल पर पहुंचे। उन्होंने खोखा संचालकों से बात की। पार्षद देशदीपक यादव, अशोक कुमार राठौर, राजेश यादव, हरीसिंह ने भी समर्थन दिया। भूख हड़ताल पर प्रदीप कुमार, शिवम, दयाल सिंह, देवेंद्र सिंह, रमेश, विद्याराम, हुकुम सिंह, गोपाल, प्रमोद कुमार आदि मौजूद रहे।