राधावल्लभ मंदिर में होली का आयोजन
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
वृंदावन (मथुरा)। तीर्थ नगरी वृंदावन में इन दिनों अधिक मास की बयार बह रही है। अधिक मास के उत्सवों की श्रृंखला में बुधवार सुबह ठाकुर राधावल्लभ मंदिर में होली महोत्सव का आयोजन किया गया। उत्सव में ठाकुर राधावल्लभ लाल ने भक्तों संग रंग और गुलाल की होली खेली। सेवायतों द्वारा चांदी की पिचकारी से भक्तों पर रंग डालकर होली उत्सव की बधाइयां दी गईं।
राकेश मुखिया के समाज गायन के मध्य होली के पद खेलत फाग फिरत दोऊ फूले, श्यामा श्याम काम वस नाचत, गावत सुरत हिंडारे झूले..., आदि पदों का गायन किया गया। इससे संपूर्ण वातावरण होलीमय हो गया। मनोज गोस्वामी, नगेंद्र वल्लभ गोस्वामी, मनोज गोस्वामी, चंदन गोस्वामी आदि उपस्थित थे।
होली देख अचंभित हुए भक्त
वृंदावन। बुधवार की सुबह 9:30 बजे ठाकुर राधावल्लभ मंदिर में हुई होली को देख देश के कोने-कोने से आए श्रद्धालु अचंभित हो गए। उन्हें आज होली के आयोजन का आभास नहीं था। लेकिन जब मंदिर के सेवातयों द्वारा भक्तों पर पिचकारियों से रंग और गुलाल डाला जाने लगा तब भक्तों को अधिक मास के उपलक्ष्य में होली के आयोजन की जानकारी हुई।
दिल्ली के शकरपुर निवासी महेश अग्रवाल, शालिनी अग्रवाल, विकास ने कहा कि वे बहुत भाग्यशाली हैं कि उन्हें मनोरथ का सहभागी होने का अवसर मिला।