जिले में इस समय अपराधों का ग्राफ तेजी से बढ़ रहा है। कई डाका, राहजनी, लूट, चोरी की बड़ी वारदातें इस साल हो चुकी हैं। बढ़ती वारदातों से जनपद भर में लोगों में दहशत है। पुलिस अधिकांश वारदातों का खुलासा तक नहीं कर सकी है।
जनपद में इन दिनों बदमाशों का काफी आतंक है। दमाश जब चाहें जहां चाहे लूट, डाके, चोरी की बड़ी वारदातों को अंजमा दे देते हैं। पुलिस इन वारदातों का खुलासा तो दूर यह तक पता नहीं कर पाती कि जनपद में कौन कौन से गिरोह सक्रिय हैं जो इन वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। 22 दिन पहले ही बदमाशों ने सहावर के हंस नगर में डाका डाला था। बदमाशों ने तीन महिलाओं को लाठी डंडों से मारपीट कर लाखों रुपये के नगदी आभूषण लूट लिए थे। इस घटना के दो दिन बाद ही फिर से हंस नगर में बदमाशों की आहट पर फायरिंग हुई। इस घटना का पुलिस आज तक खुलासा नहीं कर पाई। इस साल चार माह में पांच डाका की वारदातें हो चुकी हैं। इनमें से पुलिस ने कासगंज में एक ठेकेदार के यहां हुई डाके की घटना का ही खुलासा किया है। इसके अलावा जनपद भर में 10 लूट की घटनाओं को बदमाश अंजाम दे चुके हैं। 36 से अधिक चोरी की छोटी बड़ी वारदातें इस अवधि में हो चुकी है। चोरों ने मंदिरों तक में चोरी की वारदातों को अंजाम दिया। पुलिस इनमें से किसी भी चोरी व लूट की वारदात का अभी तक खुलासा नहीं कर पाई है। लगातार हो रही वारदातों से लोगों के बीच दहशत है।
जनपद में चोरी, लूट, डाके की बड़ी वारदातें
21 फरवरी कासगंज में ठेकेदार व पत्नी को मारपीट कर लाखों का डाका।
26 मार्च सहावर के चांडी रोड पर कार सवारों से लूट।
27 मार्च गंजडुडवारा में घर में मारपीट कर लाखों का डाका।
6 अप्रैल को गंजडुडवारा में व्यापारी नेता से नगदी लूटी।
9 अप्रैल पटियाली के रुस्तमपुर में मारपीट कर लाखों का डाका।
19 अप्रैल सहावर के हंसनगर में महिलाओं को मारपीट व चाकू प्रहार से घायल कर लाखों का डाका।
23 अप्रैल सहावर में कारोबारी से लाखों की लूट।
25 अप्रैल को किसान से 1.65 लाख की किसान से लूट।
5 मई पटियाली के दीवान नगर में प्रधान के घर से दिन दहाड़े लाखों की चोरी।