अटेवा के आह्वान पर जुलूस निकालते शिक्षक और कर्मचारी।
- फोटो : अमर उजाला
मैनपुरी। अटेवा पेंशन बचाओ मंच की बैठक जिला कार्यालय पर हुई। इसमें एक अप्रैल को काला दिवस मनाए जाने का निर्णय लिया गया। यह काला दिवस पुरानी पेंशन योजना को बंद किए जाने के विरोध में मनाया जाएगा। जिलाध्यक्ष जितेंद्र सिंह ने कहा कि सरकार द्वारा एक अप्रैल 2005 के बाद नियुक्ति किए गए शिक्षकों तथा कर्मचारियों को बुढ़ापे का सहारा पुरानी पेंशन योजना को बंद कर दिया है।
यह एक बहुत ही दुखद स्थिति है। अटेवा पुरानी पेंशन बहाली को लेकर आंदोलन कर रहा है। उन्होंने बताया कि पुरानी पेंशन बहाली को लेकर अटेवा के पदाधिकारी एक अप्रैल को सुबह 10 बजे नगर स्थित क्रिश्चियन इंटर कालेज में बैठक कर पुरानी पेंशन बहाल के लिए प्रदर्शन करेंगे। जिला संरक्षक आराध्य पांडेय ने कहा कि एक अप्रैल 2005 के बाद नियुक्ति सभी विभागों के कर्मचारी इस कार्यक्रम में उपस्थित होंगे।
जिला मीडिया प्रभारी ने बताया कि रविवार को प्रदर्शन में शिक्षकों के अतिरिक्त राज्य कर्मचारी महासंघ, राज्य संयुक्त कर्मचारी परिषद, प्रशिक्षित स्नातक एसोसिएशन, बेसिक शिक्षक वेलफेयर एसोसिएशन, पंचायती राज सफाई कर्मचारी संघ, माध्यमिक शिक्षक संघ आदि विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी मौजूद रहेंगे। इस मौके पर जिला मीडिया प्रभारी अभय प्रताप सिंह, सह संयोजक सुनील कुमार सिंह, चंद्रप्रकाश, सचिन पाल, योगेश सिंह, बबलेश कुमार, अवनीश कुमार, अनिल कुमार, आशीष राजपूत आदि मौजूद रहे।