शिकोहाबाद। थाना क्षेत्र के गांव उरमुरा किरार में एक युवक की संदिग्ध हालात में उपचार के दौरान मौत हो गई। परिवारीजनों ने दोस्त पर शराब में जहर देकर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
उरमुरा किरार निवासी राहुल कुमार उर्फ राजवंस सिंह (32) पुत्र जगदीश सिंह शनिवार सुबह 11 बजे नशे की हालत में घर पहुंचा। हालत बिगड़ने पर युवक की मां ने रिश्तेदारों को बुला कर उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। परिजनों ने मृतक के दोस्त पर शराब में जहर मिला कर हत्या का आरोप लगा कर सनसनी फैला दी है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव पीएम के लिए भेजा।
मृतक के साले देवेश निवासी नगला मुरली सिरसंगाज और बहनोई राघवेंद्र निवासी शंभूनगर ने तहरीर दी है। उन्होंने बताया कि राहुल की ओमनगर निवासी युवक से दोस्ती थी। राहुल ने अपने हिस्से की साढ़े चार बीघा जमीन 15 लाख रुपये में बेची थी। साढ़े सात लाख रुपये राहुल के पास थे, शेष रुपये के दोनो ने आलू खरीद कर कोल्ड में रखवाए हैं। आरोप है कि पवन ने रुपयों की खातिर राहुल को शराब में जहर मिला कर पिला दिया। इसके चलते उसकी मौत हो गई है। पुलिस ने कहा पीएम रिपोर्ट के आधार रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
मृतक राहुल के पिता ने दो शादियां की थी। एक से एक लड़का नरेंद्र है जो दिल्ली में रहता है। वहीं दूसरी पत्नी से राहुल और उसकी चार बहनें हैं। राहुल अपनी पत्नी सोनी, बेटी गौरी और वृद्ध मां के साथ रहता था। जबान बेटे की मौत से वृद्धा की कमर टूट गई है। उधर गौरी की पढ़ाई और शादी विवाह की जिम्मेदारी अब सोनी के कंधों पर आ गई है।