फोरलेन सड़क योजना में पेड़ों को काटने के लिए पीडब्लूडी ने करीब 8 करोड़ रुपये वन विभाग को दे दिया है। पेड़ काटने की धनराशि मिलने के बाद वन विभाग ने आगे की प्रक्रिया शुरू कर दी है। शीघ्र ही पेड़ों के काटने का काम शुरू हो जाएगा। इसी के साथ ही आज बुधवार से एटा से कासगंज की ओर फोरलेन सड़क का निर्माण भी शुरू होगा।
गौरतलब है कि फोरलेन सड़क योजना के अंतर्गत अब निर्माणदायी कंपनी के द्वारा एटा-कासगंज मार्ग पर पुलियों के चौड़ीकरण का काम किया जा रहा था। सड़क की सभी पुलिया चौड़ी कर ली गई। काली नदी पर बनने वाले बड़े पुल का निर्माण भी तेजी से हो रहा है। बांकनेर चुंगी के पास नाले का निर्माण भी लगातार तेजी से हो रहा है। इस सड़क परियोजना में सर्वाधिक परेशानी पेड़ों के काटने की अनुमति न मिल पाना था, लेकिन पिछले माह केंद्र सरकार ने 5669 पेेड़ों को काटने की अनुमति प्रदान कर दी थी।
अनुमति मिलने के बाद पेड़ काटने के लिए वन विभाग ने करीब 8 करोड़ रुपये की मांग लोक निर्माण विभाग से की थी। लोक निर्माण विभाग ने वन विभाग की मांग का परीक्षण करने के उपरांत करीब 8 करोड़ रुपया वन विभाग को दे दिया है। वन विभाग ने पैसा मिल जाने के बाद पेड़ काटे जाने की प्रक्रिया को आगे बढ़ा दिया है।
फोरलेन सड़क योजना में अभी तक सड़क के निर्माण का कार्य शुरू नहीं किया गया था। आज बुधवार से एटा से कासगंज की ओर सड़क के निर्माण का काम भी शुरू कर दिया जाएगा। सड़क निर्माण शुरू करने के लिए निर्माणदायी कंपनी ने पूरी तैयारी कर ली है।
फोरलेन सड़क परियोजना के नोडल अधिकारी अधिशासी अभियंता सीपी सिंह ने बताया कि पेड़ काटने का धन वन विभाग को दे दिया गया है। बुधवार एटा से कासगंज की ओर सड़क का निर्माण शुरू करने की योजना है। तेजी से काम शुरू होगा। जिस क्षेत्र में पेड़ नहीं हैं पहले उन क्षेत्रों में सड़क बना दी जाएगी। जैसे जैसे पेड़ कटते जाएंगे उस इलाके में भी सड़क का निर्माण होता जाएगा।