किशनी। क्षेत्र का प्राथमिक विद्यालय जयसिंहपुर पिछले कई दिनों से बंद चल रहा है। यहां पंजीकृत छात्र विद्यालय पढ़ने के लिए आते हैं, लेकिन स्कूल बंद होने के कारण खेलकर लौट जाते हैं। विद्यालय न खुलने से गुस्साए ग्रामीणों ने शनिवार को प्रदर्शन किया।
ग्रामीणों का कहना है कि पहले जो अध्यापक तैनात थे वे तो पढ़ाते थे। जब से यह नए अध्यापक आए हैं तब से विद्यालय अधिकतर बंद ही रहता है। जिस दिन से शिक्षामित्रों का आंदोलन शुरू हुआ है। यह अध्यापक बमुश्किल दो तीन-बार ही आए होंगे। आकर भी इस अध्यापक ने कभी किसी बच्चे को पढ़ाया नहीं होगा। गांव के लोगों ने आरोप लगाया कि स्कूल बंद है। फिर भी उक्त अध्यापक प्रधान से मिलकर मध्यान्ह भोजन का राशन निकाल रहा होगा, इसकी जांच होनी चाहिए।
स्कूल के मुख्य द्वार के बाहर भी गांव के लोगों ने अबैध कब्जा कर गोबर और घूरा डालना शुरू कर दिया है। चारों तरफ बदबू फैली हुई है। गांव के लोगों ने इस गंदगी को दूर हटाने के साथ-साथ उक्त अध्यापक को तत्काल हटाने तथा दूसरा अध्यापक लगाने की मांग की है। गांव के लोगों ने शनिवार को प्रदर्शन भी किया। प्रदर्शन करने वालों में कलावती, सरला देवी, मुन्नी देवी, जसकरन सिंह, लालमन सिंह, रामसिंह, रजनेश, रामरतन सिंह, मंशाराम, चंद्रप्रकाश, महावीर सिंह, बहादुर सिंह आदि शामिल थे।
इस विद्यालय में दो अध्यापकों की नियुक्ति हैं। मैं जल्दी ही उस विद्यालय का दौरा करूंगा और कूड़े के ढेर हटवा दिए जाएंगे। साथ ही विद्यालय को बंद करने की शिकायत को गंभीरता से लिया जाएगा। दोषी के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
मनींद्र कुमार, एबीएसए किशनी