नौहझील (मथुरा)। नौहझील-सुरीर मार्ग पर शनिवार को गांव बाघर्रा के समीप अनियंत्रित टेंपो पलट गया। इसमें सवार 18 लोग घायल हो गए। इनमें तीन की हालत चिंताजनक बताई जा रही है। यह लोग सगाई समारोह में भाग लेने अलीगढ़ के टप्पल जा रहे थे। घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर भर्ती कराया गया।
थाना खैर के गांव राजपुर से टेंपो में सवार होकर 18 ग्रामीण टप्पल के गांव गौरेला की नगरिया के लिए चले थे। यह सभी सगाई समारोह में भाग लेने जा रहे थे। नौहझील-सुरीर मार्ग पर गांव बाघर्रा के समीप टेंपो अनियंत्रित होकर पलट गया। इससे चीख-पुकार मच गई। आसपास के ग्रामीणों ने टेंपो को सीधा करके सभी सवारों को बाहर निकाला। घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया।
घायलों में टेंपो सवार सुभाष, प्रताप, गंगाराम, रूपकेश, विष्णु, राजन, मनीष, महेंद्र, पदम सिंह, पोहप सिंह, पंकज और पूरन आदि हैं। डॉ. जितेश तिवारी ने बताया कि अधिकांश घायल प्राथमिक उपचार कराने के बाद चले गए, लेकिन उनमें घायल पूरन, गंगाराम और पप्पू की हालत गंभीर है। इन तीनों को मथुरा के अस्पताल के लिए रेफर किया गया है।