एटा। शहर के आधा दर्जन मोहल्लों की बिजली रातभर गुल रही। वहीं कुछ मोहल्लों की डबल फेस आपूर्ति ने हजारों का नुकसान कर दिया।
बदहाल हो रही शहर की विद्युत आपूर्ति में दावों के बाद भी सुधार नहीं हो रहा। घंटों की रोस्टिंग से परेशान लोगों की नींद स्थानीय अव्यवस्थाएं उड़ा रही हैं।
सोमवार की रात शहर के आधा दर्जन मोहल्लों के लिए परेशानी भरी रही। नन्नूमल चौराहा, पुलिया गर्वी, पुलिया सर्की, रामलीला मढ़ी, पटियाली गेट, जैन मंदिर वाली गली आदि मोहल्लों की बिजली गुल हो गई। उपभोक्ता बंटू जैन, सोनू जैन, रामसनेही ने बताया कि आधी रात को एक फेस गुल हो गया। वहीं दूसरा फेस डबल हो गया। ऐसे में दर्जनों घरों की बिजली जहां गुल हो गई वहीं दर्जनों में डबल फेस से बढ़े वोल्टेज से इन्वर्टर, पंखे, कूलर, बल्ब आदि खराब हो गए। अभिषेक पाराशर के अनुसार हाई वोल्टेज से दो पंखे फुंक गए। कल्लू गुप्ता का इन्वर्टर ही खराब हो गया। गर्मी उमस से जूझते लोग अधिकारियों के फोन खटखटाते रहे लेकिन किसी ने नहीं सुनी।
ठंडी सड़क बिजलीघर क्षेत्र में एरियल बंच केबिल फाल्ट के चलते आपूर्ति टू फेस हो गई थी। इसके चलते लोगों को परेशानी रही। आधी रात को हुए फाल्ट के चलते तत्काल रिपेयरिंग नहीं हो सकी। सुबह ही आपूर्ति सुचारु करवा दी गई।
जगतराम, अधिशासी अभियंता