कासगंज सड़क हादसे में मृतक गुलफाम का फाइल फोटो
- फोटो : KASGANJ
गंजडुंडवारा अमांपुर मार्ग पर ट्रैक्टर की टक्कर से टेंपो पलट गया। इससे टेंपो में सवार एक युवक की मौत हो गई जबकि तीन अन्य लोग घायल हो गए। तीनों घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। युवक की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
सड़क हादसे में मौत का शिकार गुलफाम (22) पुत्र इसरार निवासी इंद्रानगर अमांपुर हुआ। वह गंजडुंडवारा में पल्लेदारी का काम करता था। शुक्रवार की रात लगभग 10 बजे वह अपने भाई कयूम व साथी इरफान व दीपेंद्र निवासी अमांपुर के साथ गंजडुंडवारा से पल्लेदारी कर टेंपो से वापस आ रहा था। जब टेंपो सहावर क्षेत्र के ग्राम बीनपुरा के नजदीक पहुंचा तो सामने से ईटों से भरे ट्रैक्टर ने टेंपो में टक्कर मार दी। जिससे टेंपो पलट गया। टेंपो के पलटते ही उसमें सवार लोगों में चीख पुकार मच गई। टेंपो से जैसे तैसे कर दीपेंद्र बाहर निकला और उसने मोबाइल फोन से पुलिस को हादसे की सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टर ने गुलफाम को मृत घोषित कर दिया। उसकी मौत की सूचना जब परिजनों को हुई तो उनमें कोहराम मच गया। पुलिस ने शव का पंचनामा भरने की कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कासगंज पोस्टमार्टम गृह पर एकत्रित सड़क हादसे में मृतक गुलफाम के परिजन- फोटो : KASGANJ