आगरा में खाद्य सुरक्षा और औषधि प्रशासन (एफएसडीए) की टीम ने दिगनेर स्थित तेल मिल पर छापा मारा। यहां मिलावट की आशंका पर 198 किलो सरसों का तेल जब्त किया। टीम ने अन्य प्रतिष्ठानों से दूध, खोआ समेत अन्य खाद्य सामग्री के 7 नमूने लेकर जांच के लिए लैब भेज दिए हैं।
सहायक आयुक्त खाद्य महेंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि टीम ने दिगनेर स्थित मां कैला देवी ट्रेडर्स पर छापा मारकर जांच की। यहां ड्रम में सरसों का तेल भरा हुआ था। प्रारंभिक जांच में इसमें मिलावट की आशंका मिलने पर इसे जब्त कर लिया है। इसकी कीमत 30 हजार रुपये है। जांच के लिए नमूना भी ले लिया है। इसके अलावा खोआ, छैना की मिठाई, बर्फी के 7 नमूने भी लिए हैं। रिपोर्ट फेल होने पर कानूनी कार्रवाई होगी।