एटा/मिरहची। दोस्त की शादी में जाने से मना करने पर क्षुब्ध युवक ने मिरहची क्षेत्र के रतनपुर नहर मे ंछलांग लगा दी। जानकारी पर परिजन के साथ पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस गोताखोरों से युवक की पानी में तलाश करा रही है।
थाना मारहरा क्षेत्र के गांव मेहनी निवासी देवेंद्र (23) पुत्र प्रेमपाल के दोस्त की शादी थी। शादी में जाने के लिए देवेंद्र ने परिजनों से बात की लेकिन परिजनों ने घर पर काम होने के चलते उससे शादी में जाने से मना कर दिया। परिजनों के मना करने से युवक काफी आहत हो गया और उसने थाना मिरहची क्षेत्र के रतनपुर नहर पुल से नहर में छलांग लगा दी। इसे देख आसपास के लोगों ने घटना की जानकारी परिजनों को दी। सूचना पर परिजन पहुंच गए। जानकारी पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस गोताखोरों के माध्यम से युवक की तलाश कर रही है। हालांकि तीन घंटे मशक्कत के बाद भी गोताखोर युवक का पता नहीं लगा सके है।