सड़क निर्माण का निरीक्षण करते अधिकारी।
- फोटो : अमर उजाला डेमाे
मैनपुरी। सड़क का निर्माण कार्य पूरा कराया नहीं और लोकार्पण के लिए चेयरमैन को आमंत्रण दे दिया। चेयरमैन जब लोकार्पण करने पहुंची तो पहले उन्होंने सड़क की पड़ताल की। इस दौरान जब उन्हें अधूरी सड़क मिली तो उन्होंने न केवल सड़क के लोकार्पण कार्य को स्थगित कर दिया, बल्कि सड़क निर्माण में अनियमितता पर कार्यदायी संस्था के ठेकेदार को आड़े हाथ लिया।
मामला नगर के वार्ड नंबर एक नगला पजाबा का है। यहां 150 मीटर लंबी गली पर इंटरलॉकिंग सड़क का निर्माण नगर पालिका द्वारा कराया जा रहा है। कार्यदायी संस्था के ठेकेदार ने शनिवार को पालिकाध्यक्ष मनोरमा देवी को लोकार्पण के लिए आमंत्रित कर दिया। जब पालिकाध्यक्ष अपने पति लक्ष्मण गुप्ता के साथ सड़क का लोकार्पण करने पहुंची तो उन्होंने सड़क की हालत जाननी चाही।
यहां सड़क देखने के बाद निर्माण में कई स्थानों पर खामियां मिलीं। इसके अतिरिक्त नालियों के निर्माण भी नहीं कराया गया था। पालिकाध्यक्ष ने इस पर नाराजगी प्रकट करते हुए कार्यदायी संस्था के ठेकेदार को आड़े हाथ लेते हुए कहा कि पहले निर्माण कार्य मानक के अनुसार पूरा किया जाए। इसके बाद वे इस सड़क का लोकार्पण करेंगी।
मोहल्ले के लोग हुए गदगद
मैनपुरी। लोकार्पण करने पहुंची चेयरमैन ने जब अधूरी सड़क देखी तो मोहल्ले के लोगों से भी कहा कि उन लोगों ने इसका विरोध क्यों नहीं किया। उन्होंने कहा कि ये सड़क आपकी है। इस पर जो भी कमी होगी उससे दिक्कत आपको होगी। चेयरमैन की इस कार्यशैली की वार्ड के लोगों ने प्रशंसा की ।