फिरोजाबाद। स्वच्छ भारत मिशन के तहत नि:शुल्क शौचालय निर्माण योजना के लाभ से वंचितों के यहां जल्द ही शौचालय निर्माण कराया जाएगा।
हाल ही में हुए सर्वे के उपरांत 28766 पात्रों की सूची तैयार होने के बाद प्रस्ताव मांगे गए हैं।
जिले में वर्ष 2011 के बाद हाल ही में हुए बेसलाइन सर्वे के उपरांत ग्रामीण क्षेत्रों में 28766 परिवार शौचालय विहीन हैं। सामाजिक-आर्थिक दृष्टिकोण के आधार पर हुए सर्वे के उपरांत इन परिवारों को स्वच्छ भारत मिशन के तहत शौचालय निर्माण के लिए जरूरी धनराशि अनुदान के रूप में दी जाएगी।
सूची फाइनल होने के पश्चात निदेशालय द्वारा वंचित परिवारों में शौचालय निर्माण के लिए जिले को 15 करोड़ की धनराशि दी गई है। प्राप्त हुई धनराशि को चिह्नित परिवार को आवंटित करने के लिए जिला पंचायत राज विभाग द्वारा प्रस्ताव मांगे गए हैं।
प्रस्ताव प्राप्त होते ही एलओवी सर्वे के उपरांत चिह्नित हुए परिवार को शौचालय निर्माण के लिए 12 हजार रुपये की धनराशि हस्तांतरित की जाएगी।