मैनपुरी। डीएम के आदेश पर रविवार को प्रशासन ने शराब माफिया की शहर स्थित करोड़ों की संपत्ति को जब्त कर लिया। मकान, जमीन को सील करने के बाद तहसीलदार के सुपुर्द कर दिया गया। कार्रवाई के दौरान तहसीलदार, चार थानों का फोर्स व राजस्व की टीम मौजूद रही।
डीएम प्रदीप कुमार के आदेश व एसपी अजय शंकर राय के निर्देशन में रविवार को तहसीलदार सुधीर कुमार चार थानों का फोर्स व राजस्व विभाग की टीम के साथ शहर स्थित संपत्ति को जब्त करने पहुंचे।
शराब माफिया नीलू यादव की न्यू यादव नगर स्थित प्लाट, बिछिया रोड स्थित प्लाट और औडेंय मंडल के पास स्थित दो भवनों को सील करने की कार्रवाई की गई। संपत्ति को सील करने के साथ ही उस पर प्रशासन के कब्जे की झंडी भी लगा दी गई। उक्त कार्रवाई के बाद शराब माफिया व्यास मुनि यादव के अवधनगर स्थित आवास को भी सील किए जाने की कार्रवाई अमल में लाई गई।
शराब माफिया के विरुद्ध की गई इस कार्रवाई से अवैध शराब कारोबार करने वालों में हड़कंप की स्थिति देखी गई। कार्रवाई के दौरान नायब तहसीलदार अभिनव चंद्रा, कानूनगो देवेंद्र सिंह, सदर लेखपाल ब्रजेश सिंह राठौर, महिला थानाध्यक्ष नीता सिंह सहित चार थानों का फोर्स व राजस्व की टीम मौजूद रही।