बलदेव (मथुरा)। बलदेव के गांव मड़ौरा से गए सगे चारों भाई और बहन अब मामा देवेंद्र पुत्र उमेश निवासी नारकी, फिरोजाबाद के साथ रहेंगे। बलदेव पुलिस ने चारों बहन और भाइयों को उनकी सुपुर्दगी में दे दिया है। 164 के बयान में चारों भाई और बहनों ने नशे में पिता की मार से नाराज होकर घर छोड़कर जाना बताया है।
थाना बलदेव के गांव मड़ौरा निवासी राजवीर सिंह पुत्र गिर्राज सिंह की बेटी विमलेश (17), ललतेश (14), बेटा सूरज (10) और दो साल की हेमा परिजनों की पिटाई के डर से छह दिसंबर को घर छोड़कर निकल गए थे। 14 दिसंबर को चारों बहन और भाइयों को बलदेव पुलिस ने नोएडा के सूरजपुर से सकुशल बरामद कर लिया था।
प्रभारी निरीक्षक सूरज प्रकाश शर्मा ने बताया कि चारों सगे भाई-बहनों को उनके मामा के सुपुर्द कर दिया गया है। अब वह फिरोजाबाद के नारकी में रहेंगे। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि पिता के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।