टाउनशिप (मथुरा)। रिफाइनरी के बरारी पर रिलायंस पेट्रोल पंप के सामने किताब की फैक्ट्री में शार्ट सर्किट से लगी आग से लाखों रुपये का नुकसान हो गया, जबकि आग बुझाने में पांच मजदूर झुलस गए। मजदूरों को अस्पताल भिजवाया गया। पी-स्कवायर सोल्यूशन फैक्ट्री में लगी आग की सूचना पर पहुंची रिफाइनरी पुलिस और छह से ज्यादा अग्निशमन की दमकलों ने पहुंचकर दो घंटे में आग पर काबू पाया।
गोवर्धन चौराहे पर जमुनाधाम कालोनी निवासी राजेश गोयल की थाना रिफाइनरी के गांव बरारी में रिलायंस पेट्रोल पंप के सामने पी-स्कवायर नाम से किताबों की फैक्ट्री है। इसमें यूपी, एमपी और उत्तराखंड समेत अन्य राज्यों की विश्वविद्यालय की किताबें छपती हैं। शनिवार की दोपहर शार्ट सर्किट से फैक्ट्री में आग लग गई।
शुरू में लगी आग को मजदूर मनोज, प्रदीप, सोनू, नरेंद्र और शालू बुझाने में जुट गए। आग ने धीरे-धीरे करके विकराल रूप धारण कर लिया। सूचना पर पहुंची रिफाइनरी पुलिस ने अग्रिशमन की दमकलें बुलवाईं। करीब छह दमकलों ने दो घंटे में आग पर काबू पाया।
लेकिन तब तक लाखों रुपये का नुकसान हो चुका था। हरिद्वार में होने के चलते फैक्ट्री मालिक मथुरा के लिए चल दिए हैं। एसएसआई सत्यवीर सिंह ने बताया कि लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। फिलहाल आग पर काबू पा लिया गया है।