हेमंत ब्रजवासी ने ट्राफी ठाकुर बांकेबिहारी को अर्पित की।
- फोटो : अमर उजाला
वृंदावन (मथुरा)। कलर्स चैनल के रियलटी शो राइजिंग स्टार-2 के विजेता हेमंत ब्रजवासी बुधवार को ठाकुर बांकेबिहारी महाराज की शरण में पहुंचे। उन्होंने अपनी विजेता ट्राफी ठाकुर बांकेबिहारी को अर्पित की और अपनी जीत का श्रेय बांकेबिहारी महाराज के प्राकट्यकर्ता संगीत शिरोमणि स्वामी हरिदास को दिया।
मंदिर सेवायत आचार्य गोपी गोस्वामी की गद्दी पर पत्रकार वार्ता में हेमंत ब्रजवासी ने कहा कि शो के दौरान उन्होंने पूरे देश से ठाकुर बांकेबिहारी महाराज का जयकारा लगवाया। उनके द्वारा जयकारे लगाने के बाद पाकिस्तान के लोग भी अब ठाकुरजी का जयकारा लगाने लगे हैं।
उन्होंने बताया कि वह निर्देशक अनिल शर्मा की फिल्म ‘जीनियस’ एवं ‘सूरमा’ के साथ एक मराठी फिल्म में भी अपनी आवाज देंगे। साथ ही ठाकुरजी को समर्पित करने के लिए ‘तेेरी गलियों का आशिक हूं’ नाम का एक एलबम बना रहे हैं।
वह भी जल्द पूरी हो जाएगी और उनके प्रशंसकों को सुनने को मिलेगी। उन्होंने बताया कि वह अपने तीन भाइयों के साथ कलर्स चैनल के टूर पर अमेरिका जा रहे हैं। जहां वह कई शहरों में अपनी गायन कला की प्रस्तुति देंगे।