वृंदावन (मथुरा)। चैतन्य विहार स्थित महिला आश्रय सदन में मंगलवार को उत्तर प्रदेश महिला कल्याण निगम की ओर से 10 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ किया गया। शिविर के दौरान सदन में स्थापित सुगंध एवं सुरस विकास केंद्र में सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय भारत सरकार के सहयोग से विधवा एवं निराश्रित महिलाओं को फूलों से सुगंधित उत्पादों के निर्माण का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके तहत 13 से 22 मार्च तक महिलाओं को अगरबत्ती, धूपबत्ती और इत्र बनाने का प्रशिक्षण कन्नौज के फ्रेंगरेंस एंड फ्लेवर डेवलपमेंट सेंटर (एफएफडीसी) के प्रशिक्षकों द्वारा दिया जाएगा।
एफएफडीसी कन्नौज के निदेशक शक्ति विनय शुक्ला ने बताया कि महिला आश्रय सदनों में निवासरत विधवा एवं निराश्रित महिलाओं को आर्थिक रुप से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में यह कदम एक मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने बताया कि ब्रज के मंदिरों में चढ़े फूलों से इत्र, अगरबत्ती, धूपबत्ती और गुलाल बनाने का यह प्रोजेक्ट स्वरोजगार उपलब्ध कराने का एक सशक्त माध्यम साबित होगा।
एफएफडीसी के ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि इसमें 1 करोड़ 68 लाख रुपये खर्च होंगे। जिसके तहत इत्र, धूपबत्ती, अगरबत्ती, गुलाल बनाने की मशीन, पैकिंग का सामान, बाटलिंग आदि सामग्री खरीदी जाएगी।
इस अवसर पर सदन प्रभारी संतोष मिश्रा, अधीक्षिका गीता दीक्षित, वरुण अवस्थी, जीतेंद्र सिंह, कुसुम सिंह, अनिल सिंह, प्रियंका सिंह, अमित मिश्रा, अनुपमा मुखर्जी, उमादेवी, संध्या घोष, जानकी बाई उपस्थित थे।