फिरोजाबाद/जसराना। नगला मदना में बुधवार सुबह रेस लगाने के दौरान किशोरों में विवाद होने पर मारपीट होने के बाद गुड़गांव से आए एक पक्ष के लोगों ने फायरिंग कर गांव में दहशत फैला दी। ग्रामीणों के आने पर एक पक्ष कमरे में बंद मां और पांच बेटों को जिंदा जलाने के इरादे से घर में आग लगा कर फरार हो गया। पीड़ित ने थाने में तहरीर दी है। पुलिस जांच कर रही है।
नगला मदना निवासी राजेश का बेटा पंकज एवं जयप्रकाश का बेटा धर्मेश रेस लगाने गए थे। किसी बात को लेकर दोनों में मारपीट होने पर पुलिस पहुंच गई। गांव के बुजुर्गों ने समझौता करा दिया तो पुलिस बिना कार्रवाई के लौट गई। पंकज ने मारपीट की सूचना गुड़गांव में पिता राजेश और भाई को दी। सूचना पर दोनों लोग गांव पहुंचे और जयप्रकाश के भाई अमलेश के घर पर फायरिंग शुरु कर दी। फायरिंग होते ही अमलेश की पत्नी ने पांच बच्चों के साथ खुद को कमरे में बंद कर लिया।
फायरिंग होते ही ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। फायरिंग की घटना के बाद ग्रामीणों को आता देख आरोपी पक्ष बच्चों एवं महिला जिंदा को जलाने के उद्देशय से कमरे के बाहर रखे छप्पर में आग लगाकर भागे तो कमरे में बंद बच्चों में चीख पुकार मच गई। ग्रामीणों ने किसी तरह कमरे में बंद पांच बच्चों एवं महिला को निकाला। सूचना पर थाना प्रभारी निरीक्षक ऊदल सिंह एवं एसएसआई अनिल कुमार मौके पर पहुंचे और पीड़ित पक्ष से जानकारी लेकर आरोपी पक्ष के घर भी दबिश दी, लेकिन कोई नहीं मिला। पुलिस ने अमलेश की तहरीर पर राजेश, राहुल, पंकज, रुबी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।