फिरोजाबाद। नगर निकाय चुनाव की तैयारियों को पुलिस और प्रशासन अंतिम रुप टच देने में जुटा है। 28 नवंबर को पोलिंग पार्टियों के रवानगी के लिए पुलिस लाइन में तैयारी शुरू हो गई है। नगर निगम में ईवीएम और नगर पालिका एवं पंचायतों में मतपत्र से चुनाव होने से अलग स्टाफ की व्यवस्था की है।
जिले की फिरोजाबाद नगर निगम में मेयर ,तीन पालिका, तीन नगर पंचायतों के अध्यक्ष एवं 181 वार्डों में पार्षद/सभासद के लिए 260 मतदान स्थल के 653 बूथों पर 29 नवंबर को छह लाख 95 हजार 730 मतदाता अपने मतों का प्रयोग करेंगे। प्रशासन ने जिले को चार सुपर जोनल में बांटते हुए सेक्टर एवं जोनल मजिस्ट्रेट तैनात कर दिए हैं। ताकि मतदान वाले दिन शांतिपूर्ण ढंग से मतदान हो सके। सोमवार से आगरा मंडल के सभी जिलों से पुलिस फोर्स के आने लगेगा।
डीएम/जिला निर्वाचन अधिकारी नेहा शर्मा ने कहा पोलिंग पार्टियों की रवानगी के लिए पुलिस लाइन परिसर में वाहनों के प्रभारी नगर मजिस्ट्रेट, एआरटीओ के निर्देशन में टीम काम करेगी। कार्मिक प्रभारी सीडीओ अशोक कुमार एवं सहायक कार्मिक प्रभारी श्रीकिशन शर्मा के साथ अन्य सहयोगी रहेंगे। ईवीएम की व्यवस्था के लिए एडीएम उदय सिंह, बंदोबस्त अधिकारी चकबंदी के साथ सभी आरओ एवं एआरओ को जिम्मेदारी सौंपी है।
जिले को चार सुपर जोनल, 17 जोन एवं 62 सेक्टर में बांटते हुए अफसरों को तैनात किया गया है। व्यवस्था ऐसी की है कि हर 20 मिनट के अंतराल में मतदान केंद्र पर कोई न कोई अधिकारी दस्तक देगा। बूथों की निगरानी को तीसरी आंख वीडियो एवं डिजिटल कैमरे लगाए गए हैं। इस दौरान पुलिस फोर्स मुस्तैद रहेगा।