एटा। बुधवार शाम से लापता हुए युवक का शव गुरुवार को बाग में पेड़ पर लटकता हुआ मिला। परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस को सूचना दी। जानकारी पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कस्बा मलावन निवासी संदीप (22) पुत्र दिवारीलाल बुधवार शाम घर से बिना बताए निकल गया था। देर शाम तक वह लौटकर नहीं आया। परिजनों ने उसकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। वहीं गुरुवार सुबह जब कस्बा के लोग खेत पर गए तो बाग में पेड़ पर संदीप का शव लटका देखा। इसकी जानकारी लोगों ने युवक के परिवारीजनों को दी।
सूचना मिलते ही परिजन रोते बिलखते मौके पर पहुंच गए। परिजनों ने युवक की हत्या कर शव को लटकाने की आशंका जताते हुए मामले की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। साथ ही पुलिस परिजनों के साथ हुई कहासुनी को लेकर युवक के फांसी लगाकर आत्महत्या की भी आशंका जता रही है।