शहर में सुवह कोहरे के दौरान गुजरते राहगीर
एटा। ठंड के शुरुआत में पहले दिन पड़े कोहरे ने दो परिवाराें में कोहराम मचा दिया है। पिलुआ और अवागढ़ क्षेत्र में कोहरे के चलते हुए सड़क हादसों में दो युवकों की मौत हो गई। जबकि जैथरा क्षेत्र में रोडवेज बस और कैंटर की टक्कर में सात लोग घायल हो गए। जिन्हें राहगीरों ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
थाना पिलुआ क्षेत्र के गांव नगला दली निवासी मंजेश (27)अपने रिश्तेदार उपेन्द्र उर्फ रिंकू के साथ बाइक पर सवार से सुबह को एटा शहर जा रहा था। उसी समय थाना पिलुआ क्षेत्र के पुठिया के पास उसकी बाइक में ट्रक ने टक्कर मार दी। इससे मंजेश की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि उपेन्द्र घायल हो गया। जिसे जिला अस्पताल से आगरा रेफर किया गया। अवागढ़ में फिरोजाबाद के गांव मिलिक निवासी संजय कुमार (19) टमाटर बेचने के लिए गया था। जहां से वह बाइक से लौट रहा था। उसी समय जिनावली के पास उसकी बाइक में ट्रैक्टर ने टक्कर मार दी। इससे वह घायल होकर सड़क पर गिर गया। मौके पर भीड़ जमा हो गई उसे अस्पताल ले जा रहे थे लेकिन उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
जैथरा के सर्रा ईंट भट्ठा के पास फर्रुखाबाद डिपो की रोडवेज बस और कैंटर में आमने सामने से टक्कर हो गई। जिससे रोडवेज बस चालक अरविंद निवासी राजलमई शमसाबाद के साथ ही यात्री वीरेन्द्र निवासी दिल्ली, वीरपाल निवासी कायमगंज, राधेश्याम निवासी नगला बधा जैथरा, इम्तिआज अली निवासी जानकीपुरम फर्रुखाबाद, बबलू निवासी जिन्हेरा हरपालपुर हरदोई और जुगेन्द्र निवासी ढकपुरा आंवला हरदोई घायल हो गए। घटना को देख मौके पर एकत्रित हुए लोगों ने घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। इसी मौके पर रोडवेज बस और कैंटर की भिड़ंत के बाद उन्हीं वाहनों में पीछे से आ रही दो प्राइवेट बस भी टकरा गई।
ट्रक बाइक की टक्कर में दो घायल
जलेसर। आगरा जलेसर मार्ग पर थाना शकरौली सेठा के तहत फूटरिया नहर के निकट ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी, जिससे बाइक पर सवार दोनों युवक गंभीर रुप से घायल हो गए। घायलों को आगरा रेफर किया गया। पुलिस ने ट्रक को हिरासत में ले लिया है।