हुमांयुपुर सोरों के कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय का जिलाधिकारी ने निरीक्षण किया। इस निरीक्षण के दौरान आरपी सिंह एवं बीएसए गीता वर्मा ने छात्राओं से सवाल पूछे, जिनका छात्राओं ने सही जवाब दिया।
जिलाधिकारी को विद्यालय की बाउंड्रीवाल टूटी मिली। बताया कि दीवार 3 वर्ष पूर्व बारिश के दौरान टूट गई थी जो अभी तक नहीं बनी है। इस पर बाउंड्रीवाल बनवाने के निर्देश दिए। डीएम ने छात्राओं की मैस की व्यवस्थाएं परखीं। डीएम ने स्वयं खाना चैक किया। छात्राओं की आवासीय व्यवस्था का भी निरीक्षण किया गया। मनोरंजन, खेलकूद आदि की जानकारी ली। टीवी, जेनरेटर, हैंडपंप सभी सही पाए गए। डीएम ने बताया कि विद्यालय की शिक्षा की गुणवत्ता ठीक है। मैस का खाना भी मेन्यू के अनुसार बना है। शीघ्र ही विद्यालय की बाउंड्री वॉल बनवाई जाएगी। जनपद के सभी कस्तूरबा विद्यालयों में दो सशस्त्र होमगार्ड तैनात किए जाएंगे जो रात्रि के समय सुरक्षा सुनिश्चित करेंगे।
जिले में संचालित होने वाले आठ कस्तूरबा विद्यालयों में बालिकाओं की सुरक्षा के लिए 16 सशस्त्र होमगार्ड तैनात किए जाएंगे। डीएम आरपी सिंह ने शुक्रवार को होमगार्डों की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश पत्र होमगार्ड कमांडेंड को भेजा। डीएम आरपी सिंह ने बताया कि प्रत्येक कस्तूरबा विद्यालय पर दो सशस्त्र होमगार्ड सुरक्षा में तैनात किए जाएंगे। जिलाधिकारी ने बताया कि सभी कस्तूरबा विद्यालयों में सीसीटीवी कैमरे भी लगे हैं। बीएसए को सीसीटीवी कैमरों की समय-समय पर जांच करने को कहा गया है। उन्होंने कहा कि बालिकाओं की सुरक्षा प्राथमिकता का विषय है।