नगर पंचायत बिलराम, सहावर, सिढ़पुरा के कार्यों में अनियमितताओं की शिकायतों को लेकर जिलाधिकारी ने एडीएम न्यायिक को जांच के निर्देश दिए हैं। जांच की भनक लगते ही तीनों नगर पंचायतों के प्रशासन में हड़कंप मच गया है।
गौरतलब है कि पंचायतों में कराए गए कार्यों में तमाम अनियमितताओं की शिकायतें प्रशासन को मिल रहीं थीं। शिकायतों को जिलाधिकारी आरपी सिंह ने गंभीरता से लिया। नगर पंचायतों में सोलर लाइट, स्ट्रीट लाइटों की खरीद में सरकारी धन के दुरुपयोग की आशंका है। शिकायतों में बताया गया कि स्ट्रीट लाइट और सोलर लाइटों को निर्धारित कीमत से अधिक पर खरीदा गया है।
वहीं निर्माण कार्यों को मानक अनुरूप नहीं किया गया है। निर्माण कार्यों में भी सरकार के धन का दुरुपयोग किया गया है। तीनों नगर पंचायतों के पूरे पांच साल के कार्यकाल के विकास कार्यों, खरीद आदि की जांच गहनता से होगी। डीएम आरपी सिंह ने बताया कि नगर पंचायतों की लगातार शिकायतें मिल रहीं थी। इस पर संपूर्ण आय-व्यय के ब्योरे की पत्रावलियों में विकास कार्यों का सत्यापन आदि की जांच की जाएगी। उन्होंने बताया कि एडीएम न्यायिक मनीष नाहर को जांच सौंपी गई है। वह जांच कर अपनी रिपोर्ट डीएम को सौंपेंगे। रिपोर्ट में अनियमितताएं मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पंचायत भरगैन में मिल चुका है एक करोड़ से अधिक का घोटाला
कासगंज। नगर पंचायत भरगैन में सोलर लाइट की खरीद की जांच में सरकारी धन के दुरुपयोग का मामला सामने आ चुका है। इसमें एक करोड़ से अधिक का घोटाला सामने आया था। मामले में थाना पटियाली में पिछले माह नगरपंचायत अध्यक्ष एवं तत्कालीन अधिशासी अधिकारी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। पटियाली पुलिस मामले की विवेचना कर रही है।