फिरोजाबाद। चूड़ी पकाई भट्ठी पर शुक्रवार को काम करते समय श्रमिक की मौत हो गई। शव को भट्टी पर काम करने वाले कर्मचारी पोस्टमार्टम हाउस लेकर पहुंचे। इस बीच पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे मृतक के परिवारीजनों ने भट्ठी मालिक पर जबरन काम न करने पर मारपीट कर हत्या करने का आरोप लगाया।
रामगढ़ थाना क्षेत्र के मोहल्ला अब्बासनगर निवासी राजू (30) स्थित चौकीगेट के समीप चूड़ी पकाई भट्ठी पर काम करता था। शुक्रवार को वह काम करने गया था। काम करते समय राजू की जमीन पर गिरकर कर घायल हो गया। राजू के साथ काम कर रहे कर्मचारी उसको अस्पताल लेकर आए। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
राजू की मौत की सूचना पर परिवारीजन भी अस्पताल पहुंचे। परिजनों ने भट्ठी मालिक पर मारपीट कर हत्या करने का आरोप लगाया। मृतक के साले नूरनवी निवासी रामगढ़ का आरोप है कि ड्यूटी खत्म होने पर राजू काम बंद घर के लिए चल दिया तभी भट्ठी मालिक ने उससे डबल ड्यूटी करने को कहा लेकिन राजू ने मना कर दिया।
इस पर भट्ठी मालिक ने उसके साथ मारपीट की। इससे राजू की मौत हो गई। भट्ठी मालिक राजू के शव को शिकोहाबाद नहर में फेंकने जा रहा था लेकिन पुलिस द्वारा टोके जाने पर वह अस्पताल लेकर पहुंचा।
कोतवाल रसूलपुर मुनीष कुमार का कहना है कि राजू की मौत गिरने से हुई है। परिवारीजनों ने हत्या का आरोप लगाया है। यदि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पुष्टि होती है तो रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।