भीषण गर्मी में सेवला क्षेत्र में 19 घंटे बत्ती गुल रही तो लोग बिलबिला उठे। शहर में 24 घंटे बिजली सप्लाई का दावा करने वाली टोरंट पावर को फॉल्ट ढूंढने में इतनी देर लग गई। जबकि लोगों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। इस दौरान कई बार टोरंट आफिस में फोन किए गए लेकिन कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला।
क्षेत्रीय लोगों के मुताबिक सेवला क्षेत्र के त्यागी नगर, सरवन नगर, अग्रवाल कालोनी, तोतानगर और आसपास के मुहल्लों में शनिवार रात एक बजे विद्युत कटौती की गई। रात को कूलर, पंखे बंद होते ही गर्मी ने लोगों को परेशान कर दिया। सुबह भी बिजली नहीं आई तो लोगों ने टोरंट के दफ्तर में फोन घनघनाने शुरू कर दिए लेकिन यहां भी उनकी समस्या पर संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया। बताया गया कि अंडरग्राउंड केबल में फॉल्ट है, जल्द ही इसे दुरुस्त कर दिया जाएगा लेकिन रविवार दिन भर लोग बिजली कटौती के चलते परेशान रहे। इधर, रविवार को दिन भर टोरंट पावर की टीम लाइन पर जूझती रही। तब जाकर शाम को फॉल्ट का पता चल सका। देरशाम तकरीबन 7:30 बजे बिजली आपूर्ति दुरुस्त की जा सकी।
शनिवार शाम तकरीबन 7:30 बजे सेवला क्षेत्र में फॉल्ट हुआ था। समस्या को देखते हुए अस्थायी रूप से सेवा बहाल कर दी गई थी। रविवार को दिन भर लाइन पर काम हुआ, इसलिए आपूर्ति बंद की गई थी। शाम को सप्लाई चालू कर दी गई।
- भूपेंद्र सिंह, पीआरओ, टोरंट पावर