मैनपुरी। शासन के निर्देश पर रविवार को जिले के 51 स्वास्थय केंद्रों पर मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेले का आयोजन किया गया। इस मेले में 1856 मरीजों को प्राथमिक उपचार दिया गया जबकि 70 लोगों के आयुष्मान कार्ड बनाए गए।
सीएमओ के निर्देश पर सुबह 8 बजे से जिले के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर स्वास्थ्य मेले लगे। प्रत्येक मेले में तीन-तीन डॉक्टरों के साथ 11 कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई थी। सीएमओ डाॅ. आरसी गुप्ता ने बताया कि स्वास्थ्य मेलों में 1856 मरीजों को प्राथमिक उपचार दिया गया। इसके साथ ही आठ मरीज जिला अस्पताल भिजवाए गए। 230 मरीजों की जांच कराई गई। इसमें बुखार और उल्टी दस्त के मरीजों की संख्या अधिक रही। स्वास्थ्य शिविरों में चिकित्साधिकारियों ने मरीजों को उपचार के साथ ही बीमारियों से बचाव के लिए भी जागरूक किया। सीएमओ ने भी जिले के लोगों से अपील की है कि वे मच्छरों से बचाव करें। घरों के आस-पास सफाई पर ध्यान दें।