श्रद्धालुओं ने लगाई गंगा में डुबकी
- फोटो : अमर उजाला
कासगंज/सोरों। माघ पूर्णिमा के अवसर पर मंगलवार को हजारों श्रद्धालुओं ने गंगा घाटों पर आस्था की डुबकी लगाकर पुण्य लाभ अर्जित किया। मंदिरों पर पूजा अर्चना कर मन्नतें मांगी और साधु संतों एवं जरूरतमंदों का दान दिया।
भोर की पहली किरण के साथ ही श्रद्धालु लहरा, कछला, कादरगंज एवं हरि की पैड़ी गंगा घाटों पर सपरिवार पहुंचकर मां गंगा के जयकारे लगाते हुए गंगा में डुबकी लगाने लगे। श्रद्धालुओं ने गंगा स्नान के बाद मां गंगा की आरती उतारकर प्रसाद बांटा। श्रद्धालुओं ने हरिपदी गंगा की परिक्रमा की। परिक्रमा मार्ग में बैठे संत महात्माओं को खाद्य पदार्थ व वस्त्र दान किए। वराह घाट पर पहुंचकर श्रद्धालुओं ने अपने बच्चों के मुंडन संस्कार कराए तथा तीर्थ पुरोहितों से अपने पूर्वजों की आत्मा की शांति के लिए पूजन यज्ञ कराया। वराह मंदिर, बालाजी दरबार, रघुनाथजी मंदिर, द्वारिकाधीश मंदिर, पंच महाशक्ति मंदिर, सोमेश्वर मंदिर, बटुकनाथ आदि मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही। श्रद्धालु पूजा अर्चना कर परिजनों की खुशियों के लिए मन्नते मांगी।
चलाया गया अन्न क्षेत्र
कासगंज (ब्यूरो)। हरिपदी स्थित नागालैंड संत आश्रम में अन्न क्षेत्र चल रहा था। माघ पूर्णिमा को साधु संतों को भोजन कराए जाने के साथ ही अन्न क्षेत्र का समापन हो गया।