मैनपुरी। अवैध व जहरीली शराब से सहारनपुर में 11 लोगों की मौत हो गई। जिले में भी अवैध कच्ची शराब बनाए जाने का कारोबार गिहार कालोनियों से लेकर जनपद के कई गांवों तक फैला हुआ है। इससे कई लोगों को अपनी जान से हाथ धोना पड़ा। 18 जुलाई 2016 को कुरावली के गांव गोकुलपुर से एटा क्षेत्र में भेजी गई अवैध कच्ची शराब पीने से एक के बाद एक 39 लोगों की मौत हो गई थी। वहीं कई लोग आंखो की रोशनी गवां बैठे थे। इस घटना ने एटा व जनपद पुलिस के होश उड़ा दिए थे, आनन-फानन में अवैध शराब कारोबार करने वाले माफियाओं की गिरफ्तारी के लिए दबिश शुरू हो गईं थीं।
तत्कालीन एसपी देवरंजन वर्मा ने गांव गोकुलपुर निवासी अवैध शराब कारोबारी अनिल को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। वहीं एटा पुलिस को पूछताछ के दौरान माफिया श्रीपाल ने अवैध शराब की खेप कुरावली के गांव गोकुलपुर से आने की जानकारी दी थी। बता दें कि कुरावली, बिछवां, कुरावली क्षेत्र में अवैध कच्ची शराब बनाए जाने के लिए कई गांव बदनाम हैं। आए दिन पुलिस की कार्रवाई होने के बावजूद धंधा नहीं रुक सका है। वहीं शहर कोतवाली, भोगांव, करहल व अन्य स्थानों पर गिहार कालोनियों में अवैध कच्ची शराब बनाने का कारोबार संचालित हो रहा है।