मैनपुरी- बरनाहल। क्षेत्र के गांव इकहरा में बना स्वास्थ्य उपकेंद्र दो वर्षों से बंद पड़ा है। इससे मरीजों को इलाज के लिए इधर-उधर भटकना पड़ रहा है। ग्रामीण उप केंद्र पर अपने जानवरों को बांध रहे हैं। ग्रामीणों ने अफसरों से उपकेंद्र पर ही इलाज मुहैया कराए जाने की गुहार लगाई है।
विकास खंड क्षेत्र के गांव इकहरा में 15 वर्ष पूर्व स्वास्थ्य उपकेंद्र बनवाया गया था। पिछले दो वर्षों से स्वास्थ्य उपकेंद्र बंद पड़ा है। गांव वालों को इलाज के लिए बरनाहल और सलूकनगर आना पड़ता है। केंद्र में गंदगी का अंबार लगा है। दो वर्षों से बंद होने से ग्रामीण केंद्र पर तैनात एएनएम का नाम तक नहीं जानते हैं।
ग्रामीण उप केंद्र के गेट पर अपने जानवरों को बांध रहे हैं। इससे केंद्र के पास गंदगी रहती है। ग्रामीणों ने सीएमओ से उपकेंद्र खुलवाए जाने की मांग की है। मांग करने वालों मे अमित चौहान, विक्रम सिंह बैस, प्रवीन कुमार, अवधेश कुमार, नवी आलम, धर्मेंद्र कुमार, सुरेश चंद्र, मनोज कुमार, आदिराम, दाताराम शामिल हैं।