मैनपुरी। माध्यमिक वित्तविहीन शिक्षक महासभा के नेतृत्व में वित्तविहीन शिक्षकों ने डीआईओएस कार्यालय का घेराव किया। उन्होंने प्रदर्शन कर वित्तविहीन शिक्षकों को सम्मानजनक मानदेय दिलाने की मांग की। उन्होंने साफ कहा कि अगर ऐसा न हुआ तो आने वाले चुनाव में शिक्षक योगी सरकार को उखाड़ फेकेंगे।
योगी हटाओ मानदेय पाओ के बैनर तले आयोजित रैली के साथ मैनपुरी पहुंचे शिक्षक विधायक उमेश द्विवेदी व संजय कुमार मिश्र ने कहा कि योगी सरकार ने वित्तविहीन शिक्षकों के जख्मों पर नमक छिड़कने का काम किया है। पिछली सरकार ने जो अल्प मानेदय देना शुरू किया था, उसे बढ़ाया तो नहीं जा सका बल्कि उसको बंद कर दिया गया। उन्होंने शिक्षकों से अपील की कि वे ऐसी सरकार को उखाड़कर फेंक दें। महिला प्रकोष्ठ की प्रदेश अध्यक्ष रेनू मिश्रा ने कहा कि लोकतांत्रिक तरीके से अपनी मांग करने वाले शिक्षकों का अपमान करना प्रदेश के मुख्यमंत्री का तानाशाही रवैया है।
इसके लिए महासभा पूरे प्रदेश में रैली के माध्यम से वित्तविहीन शिक्षकों को जागरूक करेगी। उन्होंने संगठन के प्रदेश महासचिव डॉ. रामकुमार उपाध्याय की मौजूदगी में जिला विद्यालय निरीक्षक को ज्ञापन सौंपा। धरने में निर्मल पांडेय, अतुल दुबे, रमाकांत दुबे, गोपालदास लोधी, सकेंद्र कुमार, अर्जुन कुमार, विक्रम कुमार, शिवनरेश कुमार, ऊदल सिंह, विपिन कुमार, जगतपाल नागर, आकाश तिवारी, प्रबल कुमार आदि मौजूद रहे।