मैनपुरी। आज जिले की चारों विधानसभा क्षेत्र में भाजपा की ओर से पदयात्रा का आयोजन किया जाएगा। इसकी तैयारियों के संबंध में भाजपा कैंप कार्यालय पर बैठक हुई। इसमें आयोजकों को जिम्मेदारी सौंपने के साथ ही मुख्य अतिथियों के नाम भी घोषित किए गए। पदाधिकारियों ने कार्यकर्ताओं से यात्रा को सफल बनाने की अपील की।
आगामी लोकसभा क्षेत्र चुनाव के लिए भाजपा लगातार जनता से जुड़ने का प्रयास कर रही है। इसी क्रम में शनिवार को चारों विधानसभा क्षेत्रों में पदयात्रा का आयोजन किया जाएगा। पदयात्रा की तैयारियों को लेकर भाजपा कैंप कार्यालय पर जिलाध्यक्ष आलोक गुप्ता के नेतृत्व में बैठक हुई।
पदयात्रा के जिला संयोजक अरुण प्रताप सिंह चौहान ने बताया कि चारों विधानसभाओं के लिए पदाधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी जा चुकी हैं। शनिवार को सुबह दस बजे से पदयात्रा की शुरुआत होगी। मैनपुरी में शीतला देवी मंदिर से यात्रा की शुरुआत होगी, यहां पूर्व विधायक अशोक सिंह चौहान व शिवओंकारनाथ पचौरी मुख्य अतिथि होंगे।
भोगांव विधानसभा क्षेत्र में यात्रा की आलू की मंडी से शुरू होगी, जिसमें मुख्य अतिथि विधायक रामनरेश अग्निहोत्री होंगे। किशनी में सहकारी संघ किशनी से शुरू होने वाली यात्रा में जिलाध्यक्ष आलोक गुप्ता व करहल में कैलाश इंटर कॉलेज से शुरू होने वाली यात्रा में डीसीबी चेयरमैन नरेंद्र सिंह राठौर, प्रेमसिंह शाक्य, शिवदत्त भदौरिया और राहुल चतुर्वेदी प्रतिभाग करेंगे।
जिलाध्यक्ष आलोक गुप्ता ने सभी कार्यकर्ताओं से यात्रा में प्रतिभाग कर सफल बनाने की अपील की है। इस दौरान संजय चौहान, अरविंद तोमर, ममता राजपूत, कविता राठौर, अमित गुप्ता, प्रदीप तिवारी, अनूप मिश्रा, घनश्यामदास गुप्ता आदि मौजूद रहे।