फिरोजाबाद। थाना रामगढ़ के अंतर्गत महादेवनगर में बंद पड़े ट्यूबवेल की हौद के पास खेल रहे डेढ़ वर्षीय बालक की गिरने से मौत हो गई। परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने शव का बिना पोस्टमार्टम कराए अंतिम संस्कार कर दिया। इस दौरान मौके पर काफी भीड़ एकत्रित हो गई।
थाना रामगढ़ के महादेव नगर के पीछे निवासी योगेश कुमार यादव का डेढ़ वर्षीय बालक कृष्णा घर के बाहर बच्चों के साथ खेल रहा था। खेलने के दौरान ग्राम भीकनपुर निवासी नरेंद्रपाल के बंद पड़े ट्यूबवेल की हौद में कृष्णा खेलते-खेलते गिर गया।
विज्ञापन
हौद में करीब एक फीट पानी भरे होने के कारण उसकी मौत हो गई। पड़ोसियों ने बालक को गिरा देखा तुरंत ही इसकी जानकारी परिजनों को दी। परिजन कृष्णा को हौद से निकालने के बाद उपचार के लिए डॉक्टर के पास ले गए। डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बालक की मौत होने से परिवार में कोहराम मच गया। कृष्णा की मां रूमा देवी का रो-रोकर बुरा हाल था। परिजनों ने शव का बिना पोस्टमार्टम कराए ही अंतिम संस्कार कर दिया। एसएचओ रामगढ़ केपी सिंह ने कहा कि इस तरह का कोई मामला संज्ञान में नहीं आया है।